उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बृजेश पाठक और अन्य कई वरिष्ठ नेताओं ने पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की धर्मपत्नी श्रीमती सत्यवती मिश्रा का 13 सितंबर 2026 की देर रात नोएडा के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।

 वह 79 वर्ष की थीं और पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन की खबर से देश के राजनीतिक गलियारों और विशेषकर उत्तर प्रदेश व राजस्थान में शोक की लहर दौड़ गई है।



इस अपार दुख की घड़ी में सांत्वना देने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सदस्य प्रदेश कार्य समिति आनंद अवस्थी सहित कई वरिष्ठ नेता तुरंत नोएडा स्थित कलराज मिश्र के आवास पर पहुंचे।

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सत्यवती मिश्रा के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। 

इसके अलावा देश के कई अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों ने भी संदेश भेजकर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।


श्रीमती सत्यवती मिश्रा के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार नोएडा के सेक्टर-94 स्थित श्मशान घाट पर पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न किया गया। 

इस दौरान कलराज मिश्र, उनके पुत्र, परिवार के अन्य सदस्य और भारी संख्या में भाजपा के स्थानीय नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उनकी अंतिम विदाई के समय वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम थीं और सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


Comments