LDA टीम गुरुवार को अवैध निर्माण तोड़ने पहुंची थी।
इस दौरान पुलिस और प्रवर्तन दस्ता (ETF) की टीम पर भीड़ ने हमला बोल दिया।
उपद्रवियों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से पथराव कर कई सरकारी गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
जानकारी के मुताबिक कासिम बाबा व अन्य द्वारा कराए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को गिराने के लिए संयुक्त टीम मौके पर पहुंची थी।
कार्रवाई के दौरान ही दीपू यादव और पूर्व ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र रावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
पहले विरोध हुआ, फिर अचानक भीड़ उग्र हो गई और टीम पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर के लिए भीड़ पीछे हट गई थी, लेकिन बाद में मुंह पर कपड़ा बांधकर दोबारा पहुंची और पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस व ETF ने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
हमले में जोन-2 के जोनल अधिकारी रविनंदन सिंह के पैर और सीने में चोट आई, जबकि जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के पैर में चोट लगी। इसके साथ ही कई कर्मचारी भी घायल हुए हैं।
कार्रवाई के दौरान एक आरोपी नवीन यादव को मौके से पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया।
प्राधिकरण के अवर अभियंता शिवानंद शुक्ला की ओर से नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
Comments
Post a Comment