पत्नी ने फेसबुक पर पोस्ट किया 'सीमेंट और ड्रम'; खौफ खाए पति ने उसे प्रेमी के हवाले किया, बोला- जान बचा ली


बुलंदशहर
: जिले के कोतवाली देहात इलाके से एक अजीबोगरीब मामला पुलिस के सामने पहुंचा. पुलिस के पास पहुंचे युवक ने पत्नी से अपनी जान बचाने की गुहार लगाई. बताया कि पत्नी का प्रेमी है और वह उसी के साथ रहना चाहती है. पत्नी ने फेसबुक पर 'नीले ड्रम की कहानी' लिखकर पोस्ट किया है, जिससे वह बेहद डरा हुआ है. युवक ने पत्नी पर धमकाने का भी आरोप लगाया. मामला महिला सेल में पहुंचा और यहां दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद पति ने खुद ही पत्नी को उसके प्रेमी के हवाले कर दिया. यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.

महिला सेल प्रभारी बोबेश धीमान ने बताया कि, कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव दौलतगढ़ निवासी राजकुमार ने पुलिस से शिकायत की थी कि उसकी पत्नी शीतल के एक अन्य युवक से प्रेम संबंध हैं. पत्नी प्रेमी के साथ रहना चाहती है. दोनों की शादी करीब 7 साल पहले हुई थी और करीब 6 माह का एक बच्चा भी है. शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद होने लगा. आरोप लगाया कि पत्नी अक्सर झगड़ा करती और नाराज होकर मायके चली जाती थी.

इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया.

 राजकुमार ने पुलिस को बताया कि पत्नी ने फेसबुक पर एक पोस्ट कर दी, जिसमें 'नीले ड्रम' की कहानी का जिक्र था. इस पोस्ट के बाद उसके मन में डर बैठ गया. इसके बाद वह पुलिस के पास पहुंचा.

इधर महिला सेल और मीडिएशन सेल में मामला पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश की गई. हालांकि सुनवाई के दौरान पत्नी अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही. काफी बातचीत के बाद पति राजकुमार ने फैसला लेते हुए पत्नी को उसके प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दे दी. इस दौरान पति ने कहा कि इस फैसले से उसकी जान बचेगी और परिवार में भी शांति बनी रहेगी. मीडिएशन सेल में दोनों के बीच आपसी सहमति से यह समझौता कराया गया. पति राजकुमार का कहना है कि, उसने ऐसा कर अपनी जान बचा ली है. राजकुमार पेशे से मजदूर है.


Comments