एकतरफा कहानी चलाई... उन्नाव रेप केस में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कुलदीप सेंगर की बेटी का बड़ा बयान, समझिए पूरा मामला


Unnao Rape Case: उन्नाव रेप केस एक बार फिर देश की राजनीति और न्याय व्यवस्था के केंद्र में आ गया है. दोषी ठहराए गए बीजेपी के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को लेकर बहस तेज हो गई है. इस बीच उनकी बेटी ऐश्वर्या सेंगर ने खुलकर सामने आकर अपने पिता के पक्ष में बड़ा बयान दिया है. उन्होंने न सिर्फ अपने पिता को निर्दोष बताया, बल्कि यह भी कहा कि इस मामले में तथ्यों से ज्यादा भावनाओं को तरजीह दी जा रही है. कुलदीप सेंगर की बेटी ऐश्वर्या ने पिता को निर्दोष बताते हुए कहा कि केस में सबूतों को नजरअंदाज किया गया है. उनका दावा है कि सोशल मीडिया पर सिर्फ एकतरफा कहानी चलाई जा रही है. 

उनके पिता ने कोई अपराध नहीं किया
देश में उन्नाव रेप केस को लेकर एक बार फिर माहौल गरमा गया है. पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग तेज है, वहीं दोषी पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की बेटी ऐश्वर्या सेंगर ने अपने पिता के समर्थन में बड़ा दावा किया है. ऐश्वर्या सेंगर ने कहा कि उनके पिता ने कोई अपराध नहीं किया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर यह साबित हो जाए कि उनके पिता ने गलत नजर से भी देखा हो, तो उन्हें फांसी की सजा दी जानी चाहिए. यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट ने कुलदीप सेंगर को उम्रकैद की सजा से राहत देते हुए जमानत दी थी. हालांकि, इस फैसले पर विवाद बढ़ने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के आदेश पर रोक लगा दी.

एक समाचार एजेंसी से बातचीत में ऐश्वर्या ने कहा कि पिछले आठ साल से उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है. उनके मुताबिक, केस से जुड़े कई अहम सबूतों को लगातार नजरअंदाज किया गया है. उन्होंने दावा किया कि पीड़िता ने घटना के समय को कई बार बदला और सीबीआई की कॉल डिटेल रिपोर्ट यह दिखाती है कि उनके पिता उस समय घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे. ऐश्वर्या ने सोशल मीडिया पर चल रही बहस पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि लोग सिर्फ एक पक्ष की बात सुन रहे हैं, जबकि उनके परिवार को भी लगातार मानसिक दबाव और आलोचना का सामना करना पड़ रहा है. 


देश की नजरें आगे के फैसले पर टिकी हैं
उन्होंने पीड़िता के उस बयान को भी खारिज किया, जिसमें जान को खतरा बताया गया था. ऐश्वर्या के अनुसार, पीड़िता को सुरक्षा मिली हुई है और उनके परिवार की ओर से किसी तरह का खतरा नहीं है. इसके अलावा, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले के पीछे पुरानी राजनीतिक और पारिवारिक रंजिश है. ऐश्वर्या का कहना है कि अगर उनके पिता राजनीति में नहीं होते, तो शायद यह मामला इतना लंबा नहीं खिंचता. फिलहाल, मामला एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट के सामने है और देश की नजरें आगे के फैसले पर टिकी हैं.


Comments