दिल्ली बम ब्लास्ट के नाम पर लखनऊ में महिला को किया डिजिटल अरेस्ट; वीडियो कॉल पर धमकाकर 50 हजार ठगे

दिल्ली बम ब्लास्ट के नाम पर लखनऊ में महिला को किया डिजिटल अरेस्ट; वीडियो कॉल पर धमकाकर 50 हजार ठगे
आलमबाग इलाके में साइबर जालसाजों ने एक महिला को दिल्ली बम ब्लास्ट में शामिल होने की बात कहकर उसे धमकाया और 50 हजार की ठगी कर ली. खुद को दिल्ली में बड़ा अधिकारी बताने वाले ठगों ने महिला को वीडियो कॉल कर धमकाया था कि पकड़े गए आतंकियों ने उसका नाम लिया है. गिरफ्तारी और बदनामी के डर से घबराई महिला ने बताए गए खाते में रुपये ट्रांसफर कर दिए. ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने आलमबाग थाने में मुकदमा दर्ज कराया. इसके बाद पुलिस और साइबर सेल मामले की जांच शुरू कर दी.

​पकड़े गए आतंकियों ने तुम्हारा नाम लिया: प्रीति कुमारी ने बताया कि ​वह आलमबाग में रहती है. 6 दिसंबर की सुबह करीब 10 बजे उनके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया. फोन करने वाले ने खुद को दिल्ली का वरिष्ठ अधिकारी बताया. ठग ने दावा किया कि दिल्ली में हुए बम ब्लास्ट मामले में प्रीति और उनके परिवार का नाम सामने आया है. उसने कहा कि पकड़े गए आरोपियों ने प्रीति के खिलाफ सबूत दिए हैं और जल्द ही दिल्ली से एक टीम उनके घर पर छापा मारने और गिरफ्तारी के लिए लखनऊ पहुंच रही है.

वीडियो कॉल के जरिए बनाया दबाव: ​पीड़िता को पूरी तरह विश्वास में लेने और डराने के लिए ठगों ने उसी नंबर से वीडियो कॉल की. कॉल के दौरान उन्होंने कानूनी कार्रवाई के नाम पर डराया और कहा कि यदि वह इस केस से अपना और परिवार का नाम हटवाना चाहती हैं, तो उन्हें तुरंत सेटलमेंट मनी देनी होगी. ​जालसाजों की धमकी और गिरफ्तारी के डर से प्रीति कुमारी बुरी तरह घबरा गईं.

बैंक अकाउंट में 50 हजार ट्रांसफर किये: उन्होंने आनन-फानन में ठगों के बताए बैंक खाते में 50,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए. हालांकि, रुपये भेजने के बाद भी जब ठग और रुपयों की मांग करने लगे, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ. ​ठगी का शिकार होने के बाद पीड़िता ने तुरंत साइबर क्राइम थाने और आलमबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई.

Comments